मंडी से जल शक्ति विभाग के ईएनसी प्रोजेक्ट कार्यालय को फतेहपुर (कांगड़ा) स्थानांतरित करने के कांग्रेस सरकार के निर्णय पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्बाल ने इस कदम को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा राजनीतिक प्रतिशोध का परिणाम बताया है। जम्बाल ने आरोप लगाया कि मंडी नगर निगम, जिला परिषद और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में मिली हार से मुख्यमंत्री बौखला गए हैं। उन्होंने कहा कि इसी बौखलाहट में मंडी जिले के हितों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। बिना किसी ठोस कारण के कार्यालय बदला भाजपा नेता ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी का कांगड़ा से कोई विरोध नहीं है। हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि वर्षों से मंडी में संचालित कार्यालय को बिना किसी ठोस कारण के हटाना एक राजनीतिक फैसला क्यों प्रतीत होता है। जम्बाल ने दावा किया कि हाल के चुनावों में मंडी नगर निगम की 14 में से 12 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी, जबकि जिला परिषद और पंचायत चुनावों में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का प्रदर्शन बेहतर रहा। साढ़े तीन वर्षों से प्रदेश के विकास कार्य प्रभावित जम्बाल ने कांग्रेस सरकार पर पिछले साढ़े तीन वर्षों से प्रदेश के विकास कार्यों को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई संस्थानों को डिनोटिफाई किया गया है, परियोजनाओं को रोका गया है और विकास कार्यों की गति थम गई है। भाजपा प्रवक्ता ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, आर्थिक संकट और कर्मचारियों की समस्याओं पर भी चिंता व्यक्त की। भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मंडी के साथ भेदभावपूर्ण रवैया नहीं छोड़ा और इस निर्णय को वापस नहीं लिया, तो भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि हालिया चुनाव परिणाम कांग्रेस सरकार के प्रति जनता के बढ़ते असंतोष का स्पष्ट संकेत हैं।

Spread the love