हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के बीच पोस्टल बैलेट लेखन कार्य के दौरान बड़ा मामला सामने आया है। सोलन जिला के कुनिहार में दो बैलेट पेपर गायब पाए जाने के बाद प्रशासन ने आठ कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। इनमें संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) भी शामिल हैं। इसी के साथ सभी कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी से हटा दिया गया है। जानकारी के अनुसार- कुनिहार में 16 मई से पोस्टल बैलेट और बैलेट पेपर लेखन का कार्य जारी है। इसी दौरान ग्राम पंचायत खनलग के वार्ड नंबर-4 के लिए जारी किए गए दो प्रधान पद के बैलेट पेपर गायब पाए गए। यह मामला रविवार को प्रशासन के ध्यान में आया। बीडीओ कुनिहार ने एफआईआर कराई BDO कुनिहार तन्मय कंवर ने बिना देरी किए पुलिस को शिकायत भेजी। उन्होंने बताया कि बैलेट पेपर क्रम संख्या 5265516 से 5265670 तक जारी किए गए थे। लेकिन जांच के दौरान इनमें से क्रम संख्या 5265669 और 5265670 के दो मतपत्र नहीं मिले। इसके बाद मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि 16 मई से ब्लॉक मुख्यालय कुनिहार में बैलेट पेपर लेखन कार्य चल रहा है। इसके लिए विभिन्न पंचायतों के सहायक रिटर्निंग अधिकारियों और कर्मचारियों को बैलेट पेपर वितरण एवं लेखन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। प्रशासन ने गड़बड़ी सामने आने के बाद अपने स्तर पर भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है और सभी कर्मचारियों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की: अशोक वहीं, डीएसपी अशोक चौहान ने बताया कि बैलेट पेपर गुम होने की शिकायत पर पुलिस थाना कुनिहार में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।