मंडी जिले में बड़ा देव कमरुनाग के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टैम्पो ट्रेवलर गाड़ी पहाड़ी से टकरा गई। ब्रेक फेल होने के कारण हुए इस हादसे में नौ श्रद्धालु घायल हो गए। यह घटना शाला से करीब डेढ़ किलोमीटर पीछे हुई। जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले के दाड़लाघाट से 12 श्रद्धालु कमरुनाग के दर्शन के लिए गए थे। वापसी में शाला से लगभग डेढ़ किलोमीटर पीछे ट्रेवलर के ब्रेक अचानक फेल हो गए। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को पहाड़ी से टकरा दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और जानमाल का अधिक नुकसान होने से बच गया। गाड़ी में कुल 12 लोग थे सवार थाना प्रभारी देवराज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कमरुनाग सड़क मार्ग पर यह हादसा ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। गाड़ी में कुल 12 लोग सवार थे, जिनमें से नौ को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायल श्रद्धालुओं को 108 एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल गोहर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। घायलों में दीक्षा, नीलम, मंजू, लता शर्मा, कुमारी कृतिका, युवराज, दीपा शर्मा, नर्वदा और लता शामिल हैं। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से पहाड़ी रास्तों पर वाहनों की स्थिति की जांच करने और सावधानी बरतने की अपील की है। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टलने पर स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया है।

Spread the love