भारतीय सेना के नायक सिद्धांत कुमार राणा (शालू) का महाराष्ट्र के अहमदनगर में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। 34 वर्षीय नायक मंडी जिले के लडभड़ोल तहसीलकी ग्राम पंचायत ऊटपुर के रहने वाले थे। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव ऊटपुर के त्रिवेणी श्मशानघाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे हार्ट अटैक से उनका निधन हुआ था। नायक के निधन की सूचना उनके पैतृक गांव ऊटपुर पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। नायक सिद्धांत कुमार राणा 34 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कह गए। इस दौरान 6 वर्षीय बेटे अरमान ने नम आंखों से अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी, जिससे वहां का माहौल और भी गमगीन हो गया। 2012 में सेना में हुए थे भर्ती वह वर्ष 2012 में भारतीय सेना में शामिल हुए थे और वर्तमान में अहमदनगर में तैनात थे, जहां वे अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी मधु राणा, माता सुशीला देवी और दो छोटे बेटे, 6 वर्षीय अरमान और डेढ़ वर्षीय अहान हैं। सिद्धांत अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे। बताया गया कि नायक सिद्धांत 20 अप्रैल को छुट्टी पर घर आने वाले थे। उनके निधन की खबर से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जवान बेटे के खोने से माता सुशीला और पत्नी मधु का बुरा हाल था। अंतिम दर्शनों के लिए सैकड़ों लोग उमड़े जब नायक सिद्धांत का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा, तो अंतिम दर्शनों के लिए सैकड़ों लोग उमड़ पड़े। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘सिद्धांत कुमार राणा उर्फ शालू अमर रहें’ के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। श्मशान घाट पर पहुंची सेना की टुकड़ी ने अपने साथी को शस्त्र उल्टे कर अंतिम सलामी दी और पूरे सैन्य सम्मान के साथ विदा किया। इस अवसर पर लडभड़ोल के नायब तहसीलदार राम पाल बाल्यानी और पूर्व सैनिक लीग लडभड़ोल के सदस्यों ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।