हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के मंदली घाट स्थित गोबिंद सागर झील से 24 वर्षीय आकाशदीप का शव बरामद कर लिया गया है। पंजाब के तरनतारन के कका गढ़ियाला निवासी आकाशदीप शुक्रवार शाम को झील में पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गया था। शनिवार को बंगाणा पुलिस ने मोटरवोट के साथ सर्च अभियान चलाया। इसके लिए बीबीएमबी नंगल से विशेष गोताखोरों को बुलाया गया था। गोताखोरों ने उस स्थान पर गहरे पानी में डाइव लगाई, जहां आकाशदीप डूबा था, और उसका शव झील से बाहर निकाल लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। घटना स्थल पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम को आकाशदीप अपने दल के साथ बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध में दर्शन के लिए जा रहा था। वह अपने साथियों के साथ बीहड़ू होते हुए मंदली घाट पहुंचा था, जहां वे मोटरबोट का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान आकाशदीप का पैर फिसल गया और वह गोबिंद सागर झील के गहरे पानी में जा गिरा। उसके साथ आए लोगों ने उसे बचाने के लिए शोर मचाया। स्थानीय लोगों ने भी बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शव परिजनों को सौंपा घटना की सूचना बंगाणा पुलिस थाना को दी गई। पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आकाशदीप को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि, अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा और शव का पता नहीं चल पाया था। पुलिस थाना बंगाणा के प्रभारी रोहित चौधरी ने पुष्टि की है कि आकाशदीप का शव झील से बरामद कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Spread the love