हिमाचल प्रदेश में आज रात से स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इसका असर सात अप्रैल तक रहेगा। मौसम विभाग (IMD) ने कल और परसों तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि और तूफान की चेतावनी दी है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिला में ओलावृष्टि व तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि किन्नौर व लाहौल स्पीति को छोड़कर अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट दिया गया है। इस दौरान अधिक ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी और मध्यम ऊंचे व मैदानी इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि और तूफान का पूर्वानुमान है। मौसम में आए बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री नीचे गिर गया है। नाहन के अधिकतम तापमान में सामान्य की तुलना में सबसे ज्यादा 4.4 डिग्री की गिरावट के बाद पारा 24.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मंडी का पारा सामान्य से 1.8 डिग्री की कमी के साथ 28.8 डिग्री, मनाली का 1.2 डिग्री की गिरावट के बाद 18.3 डिग्री, कांगड़ा का 1.4 डिग्री नीचे गिरने के बाद 29.0 डिग्री और धर्मशाला का 1.2 डिग्री कम होने के बाद 24.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में और ज्यादा गिरावट आएगी। आज ऊंचे पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी IMD के मुताबिक- प्रदेश के मैदानी इलाकों में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन अधिक ऊंचे व मध्यम ऊंचाई वाले कुछेक क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। अप्रैल से जून के बीच सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ेगी बेशक, अगले एक सप्ताह के दौरान तापमान सामान्य से नीचे रहेगा, लेकिन IMD ने अप्रैल से जून के बीच सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान हीटवेव भी सामान्य से ज्यादा चलेगी। वहीं अप्रैल में सामान्य से ज्यादा बारिश होने के आसार है।