मंडी जिले में शनिवार सुबह मंडी-धर्मपुर नेशनल हाईवे-003 पर भूस्खलन हुआ। कोटली क्षेत्र के रोपड़ू नाला के पास सुबह करीब 9 बजे पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें सड़क पर आ गिरीं, जिससे हाईवे पूरी तरह बंद हो गया। भूस्खलन इतना भीषण था कि कुछ ही क्षणों में सड़क मलबे से पट गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लगी कतारें इस भूस्खलन के कारण पहाड़ी के एक बड़े हिस्से में दरारें पड़ गई हैं, जिससे आगे भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने इस स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। हाईवे बंद होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई वाहन घंटों तक फंसे रहे। मलबा होने के कारण इसे हटाने में लगेगा समय सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सड़क को बहाल करने का कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया है। हालांकि भारी मात्रा में मलबा होने के कारण इसे हटाने में समय लगने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल इस मार्ग का उपयोग न करें और वैकल्पिक रास्तों का सहारा लें। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और हाईवे को जल्द खोलने के प्रयास जारी हैं। इसको लेकर लोक निर्माण विभाग की लेबर जुटी है। इसे जल्द ही बहाल किया जा सकता है।