मंडी जिले के करसोग स्थित सिविल अस्पताल में एक युवक ने जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने इस मामले की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, आज (गुरुवार को) सिविल अस्पताल करसोग के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रात करीब 12:50 बजे पुलिस एक युवक को मेडिकल के लिए अस्पताल लाई थी। इसी दौरान युवक अचानक आक्रामक हो गया और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। आरोपी की पहचान करसोग तहसील के कोट गांव निवासी निखिल नेगी (22) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में था। उसने अस्पताल में तोड़फोड़ करते हुए दरवाजों, ईसीजी मशीन, ऑक्सीजन फ्लो मीटर सहित कई चिकित्सा उपकरणों, दवाइयों और फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया। स्टॉफ नर्स और गार्ड को दी धमकी युवक ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर, स्टाफ नर्स, सुरक्षा गार्ड और पुलिस कर्मियों के साथ भी बदसलूकी की और उन्हें धमकी दीं, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। जांच के दौरान इमरजेंसी वार्ड में उपकरण बिखरे और क्षतिग्रस्त पाए गए। पुलिस ने इस मामले में हिमाचल प्रदेश मेडिकेयर सर्विस पर्सन्स एवं संस्थान अधिनियम, सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love