हिमाचल प्रदेश में बीते तीन दिन से हो रही बारिश-बर्फबारी के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ों पर इससे मार्च में जनवरी जैसी ठंड लौट आई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे और न्यूनतम तापमान भी नॉर्मल से 0.6 डिग्री नीचे लुढ़क चुका है। प्रदेश के 3 शहरों का न्यूनतम तापमान माइनस में चला गया है। बर्फबारी और ओलावृष्टि के बाद चंबा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 16 डिग्री की गिरावट के बाद अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। मंडी का तापमान सामान्य से 12.1 डिग्री नीचे गिरकर 16.1 डिग्री, भुंतर का 10.1 डिग्री गिरकर 12.2 डिग्री और ऊना का अधिकतम तापमान सामान्य से 9 डिग्री नीचे गिरकर 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान भी सामान्य से 7.2 डिग्री नीचे चला गया है। 4 जिलों में आज आंधी-तूफान की चेतावनी मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के चार जिलें चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में आज भी आंधी व तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान चलने का पूर्वानुमान है। इस दौरान अन्य जिलों के मध्यम ऊंचाई वाले भागों में हल्की बारिश व ऊंचे पहाड़ों पर हिमपात हो सकता है। 6 दिन जारी रहेगा बारिश-बर्फबारी का दौर: IMD IMD के अनुसार- प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर अगले छह दिन तक जारी रहेगा। अधिक ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश की संभावना है। विभाग के मुताबिक 18 से 20 मार्च के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से भारी बारिश और बर्फबारी होगी। इस दौरान कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि का कहर भी देखने को मिलेगा। 21 और 22 मार्च को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस थोड़ा कमजोर जरूर पड़ेगा, लेकिन हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी। 6 दिन आंधी-तूफान की चेतावनी मौसम विभाग ने किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर प्रदेश के अन्य जिलों में अगले छह दिन के लिए आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।