हिमाचल प्रदेश के नए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता मंगलवार को राजभवन में शपथ लेंगे। वह सुबह 11:45 बजे प्रदेश के 30वें राज्यपाल के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश सरकार के कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। सोमवार को शिमला स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल सहित कई नेताओं तथा वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मुख्य सचिव संजय गुप्ता, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, कई विधायक, विश्वविद्यालयों के कुलपति तथा वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे। साथ मिलकर हिमाचल के विकास में करेंगे काम कविंद्र गुप्ता सोमवार शाम को शिमला पहुंचे गए हैं। उनकी पत्नी बिंदु गुप्ता भी उनके साथ मौजूद रहीं। शपथ ग्रहण से पहले उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे हिमाचल प्रदेश के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर काम करेंगे। उन्होंने राज्य पाल के रूप में अपनी सेवा को एक बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती बताया, जिसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।