मंडी जिले के कोटली उपमंडल के सपलोह में घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जलाने का प्रयास किया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दंपती ने करीब दस साल पहले लव मैरिज की थी। लेकिन शादी के एक साल बाद से ही उनके बीच तनाव बढ़ने लगा था। वीरवार को भी दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद पति ने पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। पीड़ित महिला की पहचान नीलम के रूप में हुई है, जिसके चेहरे और बाल जल गए हैं। घटना के तुरंत बाद महिला को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जोनल अस्पताल रेफर किया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज और फिर पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसपी अभिमन्यु वर्मा ने घटनास्थल का दौरा किया। आरएफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। एसपी से मिले मायके पक्ष के लोग घटना के बाद मायका पक्ष ने शुक्रवार को एसपी मंडी विनोद कुमार से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पीड़िता महिला नीलम के माता-पिता सहित करीब 50 महिलाओं के एक प्रतिनिधि मंडल ने एसपी मंडी से मिलकर नीलम को इंसाफ दिलाने की मांग की। नीलम के पिता कृष्ण चंद ने बताया कि उनकी बेटी और दामाद ने लगभग 10 साल पहले प्रेम विवाह किया था। उनके दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 10 और 7 साल है। कृष्ण चंद के अनुसार, शादी के कुछ सालों बाद से उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा था। कई बार आपसी समझौतों से विवाद सुलझ जाते थे, लेकिन अब स्थिति गंभीर हो गई है। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि वीरवार सुबह उनके दामाद का फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनकी बेटी ने जहर खा लिया है। एसपी ने दिया निष्पक्ष जांच का आश्वासन हालांकि, बाद में उन्हें पता चला कि उनकी बेटी जली हुई है। इस संबंध में कोटली पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने पीड़िता के परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड में लेने की अपील की गई है। वहीं, रिटायर्ड सैनिक और समाजसेवी भास्कर ठाकुर ने इस घटना पर आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। भास्कर ठाकुर ने मंडी में पहले हुए तेजाब कांड का जिक्र करते हुए कहा कि अब नीलम इस तरह की घटना का शिकार होकर जिंदगी और मौत से जूझ रही है। उन्होंने उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन और एसपी मंडी से मुलाकात कर न्याय की मांग की है।

Spread the love