कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी में मणिकर्ण-बरशेनी सड़क मार्ग गुरुवार रात से भूस्खलन के कारण बंद है। गठीगड़ में हुए इस भूस्खलन से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है, जिससे सैकड़ों पर्यटक और स्थानीय लोग फंसे हुए हैं। भूस्खलन की चपेट में एक जीप भी आ गई थी, हालांकि उसका चालक सुरक्षित बच निकला। घटना के दो दिन बाद भी शनिवार तक सड़क मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल नहीं हो पाया है। मार्ग बंद होने के कारण, फंसे हुए सैलानियों और स्थानीय लोगों को भूस्खलन स्थल पर पैदल ही पहाड़ी पार करनी पड़ रही है। दो सैलानी नीचे गिरे शनिवार को इसी पैदल आवाजाही के दौरान एक घटना हुई। पहाड़ी से नीचे उतरते समय दो सैलानी पैर फिसलने से गिर गए। हालांकि, उन्हें कोई गंभीर चोटें नहीं आईं। सड़क बहाली में हो रही देरी को लेकर स्थानीय लोगों और पर्यटकों में विभाग तथा प्रशासन के प्रति रोष है। स्थानीय निवासी जीतराम, पूर्ण चंद और रवि कुमार ने प्रशासन से तत्काल सड़क बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को वाहन सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि मार्ग जल्द बहाल नहीं हुआ तो पैदल आवाजाही के दौरान भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।