हिमाचल के शिमला में मंगलवार सुबह रामपुर की गोरा-स्नेही सड़क पर कैची के पास भूस्खलन हो गया। इसके कारण यह मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। इससे क्षेत्र की दो पंचायतों के हजारों लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों दुष्यंत मेहता, राकेश कुमार, तिलक राज, राजीव, हेमंत हुडन, राम लाल शर्मा और संजू ने बताया कि भूस्खलन के कारण कई वाहन सड़क पर फंस गए थे। उन्हें स्थानीय लोगों की सहायता से वापस लौटना पड़ा।सड़क बंद होने से लोगों को सराहन और गोरा जाने के लिए रामपुर होकर लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है। इससे उनके समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। मशीनरी से पत्थर हटाए जा रहे हैं लोगों ने PWD से जल्द मलबा हटाकर सड़क को यातायात के लिए बहाल करने की मांग की है। स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन से मशीनरी लगाकर सड़क को शीघ्र सुचारू बनाने का आग्रह किया है। PWD विभाग के एक्सईएन शक्ति सिंह नेगी ने बताया कि मशीनरी को मौके पर भेज दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क को जल्द ही यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।