हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में 5 से 9 नवंबर तक माण्डव्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मंडी नगर निगम इस आयोजन की मेजबानी करेगा। महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा ने बताया कि यह महोत्सव मंडी की प्राचीन लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंडी नगर माण्डव्य ऋषि की तपोस्थली रहा है और इसी महर्षि के नाम पर शहर का नाम पड़ा है। पडडल मैदान बनेगा मुख्य स्थल, माण्डव शीला पर होगी पूजा-अर्चना महापौर ने बताया कि पडडल गुरुद्वारा के पास स्थित माण्डव शीला का निरीक्षण किया गया है। इस वर्ष बच्चों और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्य आयोजन पडडल मैदान में होगा। हालांकि, नगर निगम के पार्षद और धार्मिक संस्थाओं के सदस्य माण्डव शीला पर जाकर पारंपरिक पूजा-अर्चना करेंगे। 5 नवंबर को शोभा यात्रा से होगी शुरुआत महोत्सव की शुरुआत 5 नवंबर की सुबह 9 बजे माण्डव शीला पूजन से होगी। इसके बाद 10 बजे माधव राय और 10:15 बजे बाबा भूतनाथ का पूजन किया जाएगा। सुबह 10:30 बजे शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जो राज माधव राय जी की पूजा के बाद राजकीय माध्यमिक पाठशाला समखेतर से शुरू होकर बाबा भूतनाथ मंदिर, सेरी मंच, महामृत्युंजय मंदिर और आईटीआई चौक से होते हुए पडडल मैदान पहुंचेगी। पहले दिन कुलदीप शर्मा देंगे प्रस्तुति शोभा यात्रा के बाद पडडल मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। विभिन्न स्कूलों के बच्चे, स्थानीय कलाकार और ‘हम हिमाचली’ गीत-जत्था अपनी प्रस्तुतियां देंगे। संध्याकालीन कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायक कुलदीप शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे। हर दिन अलग रंग, अलग कलाकार 6 नवंबर को सुबह और शाम स्कूली बच्चों व स्थानीय कलाकारों के कार्यक्रम होंगे, जबकि संध्याकालीन सत्र में देवब्रत पंडित प्रस्तुति देंगे। 7 नवंबर को भिरठी कार्यक्रम और स्थानीय कलाकारों के साथ मुख्य कलाकार ममता भारद्वाज मंच संभालेंगी। 8 नवंबर को काकू राम ठाकुर अपनी प्रस्तुति देंगे, वहीं 9 नवंबर को समापन समारोह में गौरव कौण्डल मुख्य आकर्षण रहेंगे। लोक संस्कृति और परंपरा का संगम बनेगा माण्डव्य महोत्सव नगर निगम का कहना है कि माण्डव्य महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह मंडी की लोक संस्कृति, संगीत और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी बनेगा। पांच दिनों तक चलने वाला यह आयोजन मंडी शहर को सांस्कृतिक उत्सव के रंगों में रंग देगा।