हिमाचल विधान सभा का शीतकाल सत्र नवंबर के अंत में तपोवन, धर्मशाला में प्रस्तावित है। इसको लेकर तैयारियां जोरों पर है। शीतकालीन सत्र की तैयारियों के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने जिले की सड़कों को दुरुस्त करने का अभियान शुरू कर दिया है। सत्र के दौरान नेताओं और अधिकारियों की सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। नगर निगम और स्मार्ट सिटी विभाग की संयुक्त टीम शहर के मुख्य मार्गों पर खोदी गई नालियों को भरने, गड्ढों की मरम्मत करने और टूटे-फूटे फुटपाथों को सुधारने का काम तेजी से कर रही है। विशेष रूप से कोतवाली बाजार स्थित गांधी वाटिका धर्मशाला से लेकर हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड और सिद्धबाड़ी मार्ग तक की सड़कों पर मरम्मत कार्य जोर-शोर से चल रहा है। लोगों को मिलेगी टूटी सड़कों से राहत शीतकालीन सत्र तपोवन में प्रस्तावित है, इसलिए इस बार शहर को ‘सत्र-मंच’ के रूप में तैयार किया जा रहा है। पिछले वर्षों में भी इसी तरह की तैयारियां की गई थीं। शहरवासियों को मुख्य मार्गों पर गड्ढों और टूटी नालियों से होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी। स्मार्ट सिटी धर्मशाला के एसडीओ केवल शर्मा ने बताया कि जहां पहले सड़क और नाली व्यवस्था बनी है, वहां कंक्रीट डालकर मरम्मत की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।