कांगड़ा जिले के पालमपुर में कोर्ट में पेशी के बाद हार होने पर वकील पर हमला किया गया। आरोपियों ने वकील को कार से कुचलने का भी प्रयास किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को बुधवार (24 सितंबर) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को 25 सितंबर को अदालत में पेश किया जाएगा। उनकी रिमांड की मांग की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। वकील को जान से मारने की धमकी दी वकील सबीर चंद कटोच ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक पुराने मामले में उन्होंने दलीप कुमार के खिलाफ पेशी भरी थी। इस मामले में आरोपी को सजा मिली थी। इसी कारण दलीप कुमार और विनोद कुमार ने मिलकर उन पर हमला किया। दोनों ने उन्हें मारा-पीटा और जान से मारने की धमकी भी दी। स्कूटी सवार वकील को कार से कुचलने का प्रयास किया यह पूरी घटना कोर्ट परिसर पालमपुर के पास हुई। वकील सबीर चंद कटोच स्कूटी पर सवार थे। आरोपी दलीप कुमार ने अपनी कार (नंबर HP53B-0006) से उन्हें कुचलने का प्रयास किया। वकील की शिकायत मिलने के बाद दलीप कुमार को चंडीगढ़ से और उसके साथी विनोद कुमार को पालमपुर से पकड़ा गया।