हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बीती शाम को दिल्ली पहुंच गए हैं। सीएम आज और कल दिल्ली में 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ.अरविंद पनगढ़िया और कई केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। सीएम ने कई मंत्रियों से मिलने का समय मांग रखा है। मुख्यमंत्री सुक्खू 16वें वित्त आयोग अध्यक्ष से मिलकर हिमाचल की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए वित्तायोग से सहयोग का आग्रह करेंगे। सीएम सुक्खू पहाड़ी राज्यों की चुनौतियों और इंफ्रॉस्ट्रक्चर बनाने में आने वाली अधिक लागत को देखते हुए रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट (RDG) को बढ़ौतरी का का आग्रह करेंगे। अप्रैल 2026 से लागू होनी है 16वें वित्त आयोग की सिफारिशें मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा, 15वें वित्तायोग में हिमाचल की RDG में कटौती की गई थी, जिससे हिमाचल को पांच साल तक वित्तीय संकट का सामना करना पड़ रहा है। अब अप्रैल 2026 से नए वित्त आयोग की सिफारिशें लागू होनी है। लिहाजा मुख्यमंत्री सुक्खू अगले वित्त आयोग में ज्यादा बजट की मांग को लेकर तीसरी बार डॉ. अरविंद पनगढ़िया से मिलने जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात कर सकते हैं सीएम दिल्ली दौरे के दौरान सीएम सुक्खू कई केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात कर सकते हैं। हिमाचल में आपदा से भूमिहीन हुए लोगों को घर बनाने के लिए एक बीघा जमीन देने के लिए मुख्यमंत्री केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री से मिल सकते हैं। 12 सितंबर को दिल्ली से कांगड़ा आएंगे सीएम सीएम सुक्खू 12 सितंबर को मुख्यमंत्री सुक्खू दिल्ली से कांगड़ा लौटेंगे और टांडा मेडिकल कॉलेज में होने वाले एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। कांग्रेस संगठन को लेकर हलचल सीएम के दिल्ली दौरे से कांग्रेस संगठन में भी हलचल है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री सुक्खू पार्टी हाईकमान से भी मिलकर कांग्रेस अध्यक्ष और नया संगठन बनाने का आग्रह कर सकते है,क्योंकि प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस के पास 10 महीने 5 दिन से संगठन नहीं है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्य, जिला और ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारिणी को भंग कर रखा है।