किन्नौर में नेशनल हाईवे पर आज यानी मंगलवार सुबह लैंडस्लाइड होने से पांच गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। पहाड़ी से भारी पत्थर गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर वांगतू के पास रास्ता बंद हो गया। नाथपा स्लाइड पॉइंट बंद होने के कारण ये गाड़ियां वांगतू पुल के पास सड़क किनारे खड़ी थीं। गाड़ियों में सो रहे ड्राइवर सुरक्षित बच गए। जिले में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। निगुलसरी और नाथपा में मार्ग अवरुद्ध है। यहां मशीनों से रास्ता खोलने का काम चल रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-505 पर मालिंग नाला के पास सड़क धंसने से मार्ग बंद हो गया है। बीआरओ की मशीनें मार्ग को खोलने में जुटी हैं। नाथपा-कचरंग संपर्क सड़क पर भी पहाड़ी से बड़े पत्थर गिरे हैं। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए निचार उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थान और आंगनवाड़ी केंद्रों को अगले दिन भी बंद रखने का आदेश दिया है। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को परेशानी लंबी दूरी की यात्रा कर रहे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ब्रोनी खड्ड में यात्रियों के लिए खाने-पीने की कोई व्यवस्था नहीं है। इस मार्ग से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। नेशनल हाईवे अथॉरिटी और वन विभाग ने इस स्थान की व्यवस्था को सुधारने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए हैं। फिर भी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी के एक्सईएन केएल सुमन ने बताया कि विभाग की मशीनें मौके पर पहुंच गई हैं और यातायात बहाल करने का काम जारी है।

Spread the love