हिमाचल प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में नकल करने पर 5 साल की सजा मिलेगी। सजा के साथ 10 लाख रुपए तक जुर्माना भी लगेगा। यह प्रावधान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा सदन में प्रस्तुत हिमाचल प्रदेश लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) विधेयक 2025 में प्रस्तावित है। इस संशोधन विधेयक को विधानसभा के मानसून सत्र में आज चर्चा के बाद पारित किया जा सकता है। यदि कोई सेवा प्रदाता (अधिकारी-कर्मचारी) नकल कराने में संलिप्त पाया गया तो उस पर एक करोड़ रुपए तक का जुर्माना और परीक्षा कराने का पूरा खर्च वसूला जा सकता है। साथ ही उसके लिए 10 साल की सजा का प्रावधान प्रस्तावित है। इस संशोधन का मकसद भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और नकल करने की प्रवृत्ति रोकना है। क्योंकि प्रदेश में लंबे समय से भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और नकल की घटनाओं में काफी इजाफा हुआ है। इसी वजह से स्टाफ हिमाचल सिलेक्शन कमीशन हमीरपुर को भंग करना पड़ा। यहां पूर्व सरकार के कार्यकाल में ली गई विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक और बेचे गए। पुलिस कॉन्स्टेबल की भर्ती परीक्षा का पेपर भी लीक हुआ। आपराधिक छवि के लोग नहीं लड़ पाएंगे चुनाव विधानसभा में आज हिमाचल प्रदेश पंचायतीराज संशोधन विधेयक भी चर्चा के बाद पारित हो सकता है। इसमें आपराधिक छवि के लोगों को पंचायत चुनाव लड़ने से बाहर किया जा सकता है। प्रदेश में इसी साल दिसंबर में पंचायत चुनाव होने है। ऐसे में संशोधन विधेयक पारित होने के बाद आपराधिक पृष्ठभूमि के लोग चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। प्रश्नकाल से शुरू होगी सदन की कार्यवाही इससे पहले मानसून सत्र के आखिरी दिन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी। प्रश्नकाल में आज झंडुता से BJP विधायक जेआर कटवाल के रोजगार और विभिन्न विभागों में रिक्तियों के सवाल पर सत्तापक्ष-विपक्ष में हंगामे के आसार है। विधानसभा में आज अधिकारियों के विदेश दौरे, इनके परिवार को सरकारी गाड़ियों में घुमाने के मुद्दे पर भी सदन में तपिश देखने को मिल सकती है। 3 दिन बढ़ सकता है मानसून सत्र वहीं मानसून सत्र आज तीन दिन के लिए बढ़ाया जा सकता है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने सदन की कार्यवाही तीन दिन तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है। इस पर स्पीकर ने विपक्ष और संसदीय कार्य मंत्री से चर्चा के बाद फैसला लेने की बात कही है। इसके पीछे सीएम सुक्खू ने तर्क दिया कि बहुत से विधायकों के प्रश्न नहीं लग पाए। सभी को सवाल पूछने का मौका मिलना चाहिए।

Spread the love